Home चर्चा में दो वर्षों से पेंड्रा नगरीय क्षेत्र में नहीं हुआ एक भी बाल...

दो वर्षों से पेंड्रा नगरीय क्षेत्र में नहीं हुआ एक भी बाल विवाह, नगरपालिका परिषद पेंड्रा को मिला ‘बाल विवाह मुक्त’ पुरस्कार

1
0
पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
पेंड्रा। पेंड्रा नगरीय क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से एक भी बाल विवाह नहीं होने की उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए नगरपालिका परिषद पेंड्रा को “बाल विवाह मुक्त” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान अरपा महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष श्री राकेश जालान को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मरवाही विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची, धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री समीर पेकरा जिले की कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मण्डावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगरपालिका परिषद पेंड्रा द्वारा बाल विवाह रोकथाम हेतु लगातार जागरूकता अभियान, विद्यालयों में परामर्श कार्यक्रम, सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय एवं वार्ड स्तर पर निगरानी जैसी प्रभावी पहल की गई। इन सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप पिछले दो वर्षों से पेंड्रा नगरीय क्षेत्र में एक भी बाल विवाह दर्ज नहीं हुआ है, जो क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात अध्यक्ष श्री राकेश जालान ने कहा कि यह पुरस्कार पूरी टीम, जनप्रतिनिधियों एवं जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। यह प्रशस्ति पत्र आगे भी समाज हित में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जनभागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत है।
नगरपालिका परिषद पेंड्रा भविष्य में भी बाल संरक्षण एवं समाज सुधार के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here