बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने जीत लिया दिल
जगदलपुर। डॉ. एपीजे स्कूल केशरपाल में 11 फरवरी को वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप थीं। विशिष्ट अतिथि जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे, जनपद सदस्य विनीता ठाकुर, सरपंच जमुना कश्यप, ग्राम माता पुजारी भगचंद सहित पंचगण एवं अन्य गणमान्य थे।
पांचों शाखाओं के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से शानदार मंचीय प्रदर्शन किया।
वार्षिक उत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि डॉ. एपीजे स्कूल की सभी पांच शाखाओं बकावंड, करपावांड, जैबेल, नानगुर एवं केशरपाल के विद्यार्थियों ने एक साथ मंच साझा कर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। सभी ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की डायरेक्टर रीदा मीर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में बड़ी संख्या में पालक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों सभी के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।









