संवाददाता – अभिमान एमल
बस्तर। नक्सलियों के खिलाफ बस्तर संभाग में सुरक्षाबलों का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में गोगुंडा इलाके के एटापारा गांव में नक्सलियों द्वारा बनाए गए एक और स्मारक को जवानों ने विस्फोट कर ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने इस स्मारक को अपने संगठन के प्रतीक और प्रभाव के रूप में स्थापित किया था। सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाते हुए स्मारक को चिन्हित किया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उसे नियंत्रित ब्लास्ट के जरिए पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन एवं कोबरा की 201वीं बटालियन के जवान शामिल रहे। दोनों बटालियनों द्वारा क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नक्सलियों के ठिकानों, संरचनाओं और प्रतीकों पर कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, नक्सली संगठन ऐसे स्मारकों के माध्यम से स्थानीय लोगों के बीच अपनी मौजूदगी और विचारधारा को मजबूत करने का प्रयास करते हैं। इन प्रतीकों को ध्वस्त करना नक्सल प्रभाव को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में भी गोगुंडा इलाके में बने एक अन्य नक्सली स्मारक को जवानों द्वारा ध्वस्त किया गया था। सुरक्षाबलों का कहना है कि बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी।









