बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
3100 रुपये प्रति क्विंटल का वादा फिर हुआ पूरा, मोदी की गारंटी पर साय सरकार ने लगाई मुहर – मनीष पारख
किसान समृद्धि से बाजार में रौनक आएगी, होली से पहले एकमुश्त भुगतान का निर्णय ऐतिहासिक – मनीष पारख
माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक मनीष पारख ने राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान करने का निर्णय ऐतिहासिक एवं किसान हितैषी बताया है।
प्रदेश सह संयोजक मनीष पारख ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में जो वादा किया था, वह माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी के अनुरूप पूरा हो रहा है। किसानों को मिल रही यह सौगात वास्तव में “मोदी की गारंटी की गारंटी” है। प्रदेश की साय सरकार किसानों के समृद्ध भविष्य और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत धान के मूल्य के अंतर की राशि के रूप में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान होली से पहले एकमुश्त किया जाना किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। समय पर बोनस और अंतर की राशि का भुगतान कर साय सरकार ने भरोसे की नई मिसाल कायम की है। यह निर्णय दर्शाता है कि सरकार का सुशासन केवल कागजों तक सीमित नहीं है बल्कि धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो रहा है।
प्रदेश सह संयोजक मनीष पारख ने आगे कहा कि किसानों के पास राशि पहुंचने से वे होली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार को हर्षोल्लास से मना सकेंगे साथ ही, जब किसानों के हाथ में पैसा आएगा तो बाजार में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, जिसका सीधा लाभ व्यापारियों, लघु उद्योगों एवं उनके कर्मचारियों को मिलेगा। इस प्रकार यह निर्णय प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला सिद्ध होगा और इसका प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ समस्त छत्तीसगढ़वासियों को प्राप्त होगा। इस निर्णय के लिए पारख ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं मंत्रिमंडल के सदस्यों का आभार व्यक्त कर किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।









