Home चर्चा में बीजापुर में पत्रकार महासंघ की नई जिला इकाई घोषित, पत्रकार हितों को...

बीजापुर में पत्रकार महासंघ की नई जिला इकाई घोषित, पत्रकार हितों को मजबूत करने पर रहेगा विशेष फोकस

31
0
बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ ने बीजापुर जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला स्तरीय पदाधिकारियों की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रदेश कार्यसमिति की अनुशंसा के बाद प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित करते हुए मुख्य कार्यालय रायपुर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ (पंजीयन क्रमांक 11398) की बीजापुर जिला इकाई में विभिन्न पदों पर अनुभवी एवं सक्रिय पत्रकारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे जिले में पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
घोषित सूची के अनुसार पुकार बाफना को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है,  विकास गोमास को जिला उपाध्यक्ष, सुरेंद्र झाड़ी को जिला कोषाध्यक्ष, विकास सिंह को जिला महासचिव, सचिन सिंह को जिला सचिव तथा सुमंत कुमार जायसवाल को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन के नियमों, दिशा-निर्देशों एवं कार्यप्रणाली का पालन करते हुए पत्रकारों के हित में कार्य करेंगे। जिला स्तर पर संगठनात्मक एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन की प्राथमिक जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष और जिला महासचिव की होगी। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय, कार्यक्रम अथवा संगठनात्मक गतिविधि के संचालन से पहले प्रदेश नेतृत्व की सहमति अनिवार्य रूप से ली जाएगी, ताकि संगठनात्मक अनुशासन और एकरूपता बनी रहे। संगठन ने उम्मीद जताई है कि नई टीम आपसी समन्वय, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ जिले में पत्रकारों के हित संरक्षण, प्रशिक्षण, सुरक्षा और समस्याओं के समाधान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी। संगठन का लक्ष्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को भी संगठन से जोड़कर उन्हें मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद जिले के पत्रकारों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और पत्रकारों ने उम्मीद जताई है कि नई टीम पत्रकारों की समस्याओं के समाधान तथा पेशेवर सुरक्षा के लिए ठोस पहल करेगी। संगठन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकार एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here