बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
रायपुर/जगदलपुर राजधानी रायपुर में स्वर्णिम धरोहर लता फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की गायन प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जगदलपुर (बस्तर) की प्रतिभावान गायिका प्रथा दुबे ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से तृतीय स्थान प्राप्त कर नगर एवं जिले को गौरवान्वित किया।
इस भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध बॉलीवुड संगीतकार एवं म्यूजिक अरेंजर उत्तम सिंह रहे, जिन्होंने दिल तो पागल है, गदर और वारिस जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपना संगीत दिया है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पार्श्व एवं ग़ज़ल गायिका मिताली सिंह की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रही। विजेताओं को उनके करकमलों से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में केरल, असम, मुंबई, नागपुर, नोएडा, दिल्ली, सतना, रांची, कोरबा, कोंडागांव, इंदौर, भोपाल, गाजियाबाद, आगरा, रीवा, हिमाचल, जम्मू तथा रायपुर के कलाकारों ने भाग लिया और एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियाँ दीं। प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण निर्णायक मंडल के लिए विजेताओं का चयन करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा।
प्रथा दुबे ने अपनी सुरीली एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से समां बांध दिया और निर्णायकों सहित श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कोरबा के भव्य देवांगन तथा द्वितीय स्थान रांची की श्रीमती सोनम पाठक ने प्राप्त किया।
अपनी इस उपलब्धि पर प्रथा दुबे ने इसका श्रेय अपने परिवार, आदरणीय गुरुओं, मित्रों एवं शुभचिंतकों को दिया। साथ ही उन्होंने विशेष रूप से स्वर्णिम धरोहर लता फाउंडेशन के संस्थापक श्री मनोज शर्मा जी, फाउंडेशन से जुड़े अध्यक्ष बीएसएफ एवं पूर्व आईजी बीएसएफ श्री अखिलेश्वर सिंह जी तथा श्री गौरव शर्मा जी एवं उनकी संपूर्ण टीम के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने देशभर के कलाकारों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन हेतु इतना बड़ा और प्रतिष्ठित मंच प्रदान किया।
प्रतियोगिता में विजेताओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।









