Home चर्चा में जगदलपुर के सभी वार्डों के अधोसंरचना विकास के लिए 764.60 लाख रुपए...

जगदलपुर के सभी वार्डों के अधोसंरचना विकास के लिए 764.60 लाख रुपए की मंजूरी

1
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

होंगे नाली-पुलिया, सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण, सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्य 
जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर के 48 वार्डों में अधोसंरचना विकास को गति देने हेतु 764.60 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से वार्डों में आरसीसी नाली निर्माण, सीसी सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, डामरीकरण सड़क, पेवर ब्लॉक कार्य, सीसी शोल्डर निर्माण, आरसीसी पुलिया निर्माण, शेड एवं एप्रोच मार्ग निर्माण, सुरक्षा दीवार निर्माण तथा सामुदायिक भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।

नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव, आवागमन में असुविधा एवं सामुदायिक आयोजनों हेतु उपयुक्त स्थान की कमी जैसी समस्याएं सामने आ रही थी। स्वीकृत राशि से प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने पर इन समस्याओं में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा शहर की आधारभूत संरचना और अधिक सुदृढ़ होगी। आरसीसी नाली एवं पुलिया निर्माण कार्यों से वर्षा ऋतु में होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान होगा। जल निकासी की समुचित व्यवस्था होने से सड़कों एवं आवासीय क्षेत्रों में पानी जमा नहीं होगा जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी।

आवागमन होगा सुगम
सीसी सड़क निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण तथा सीसी शोल्डर निर्माण से सड़कों की गुणवत्ता एवं मजबूती बढ़ेगी। एप्रोच रोड निर्माण से मोहल्लों और मुख्य मार्गों के बीच संपर्क बेहतर होगा, जिससे वाहन चालकों एवं राहगीरों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।सामुदायिक भवन एवं शेड निर्माण कार्यों से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। इससे नागरिकों को कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा मिलेगी तथा सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलेगा।

सड़कें होंगी और भी मजबूत
पेवर ब्लॉक कार्य, सीसी रोड चौड़ीकरण तथा डामरीकरण कार्यों से सड़कों की आयु बढ़ेगी। साथ ही सुरक्षा दीवार निर्माण से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित होगी।नगर निगम द्वारा स्वीकृत इन विकास कार्यों से न केवल शहर की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। निगम प्रशासन ने शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

महापौर पाण्डेय ने माना आभार
इन कार्यों से जगदलपुर शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी तथा शहर आधुनिक और सुव्यवस्थित नगरी के रूप में विकसित होगा।महापौर संजय पांडे ने सभी कार्यों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग एवं स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव एवं सांसद महेश कश्यप का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here