Home चर्चा में ग्राम पदेडा में स्वास्थ्य क्रांति: 268 मरीजों का उपचार, 19 मलेरिया मामलों...

ग्राम पदेडा में स्वास्थ्य क्रांति: 268 मरीजों का उपचार, 19 मलेरिया मामलों की समय पर पहचान

2
0

पुकार बाफना/बीजापुर। दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों में सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में ग्राम पदेडा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। शिखर युवा मंच के संस्था प्रमुख श्री भूपेश वैष्णव के मार्गदर्शन तथा SBI Foundation के सहयोग से संचालित एसबीआई संजीवनी मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) परियोजना के अंतर्गत विकासखंड बीजापुर के 20 चयनित ग्रामों में लगातार स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

लगातार 10 माह से संचालित शिविरों के दौरान शिशु एवं स्त्री रोग से संबंधित मरीजों की पहचान के बाद ग्राम पदेडा में विशेष निःशुल्क शिशु एवं स्त्री रोग निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं रिबन काटकर किया गया।

आसपास के 10 ग्रामों से उमड़ी ग्रामीणों की सहभागिता
भोगमगुड़ा, पालनार, चेरपाल, चेरकनटी, भोषागुड़ा, गोरना, मनकेली, मूनगा, पोंजेर एवं पामालवाया सहित विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. एस. के. सिंह, डॉ. चन्द्रशेखर जायसवाल एवं डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह ने अपनी सेवाएं दीं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम—आर.एच.ओ. श्रीमती कमला पोंदी, श्रीमती अनीता पुजारी, बी.सी. सुनीता गायता एवं एम.टी. सरिता—ने पंजीयन, जांच एवं परामर्श में सक्रिय सहयोग किया।
शिविर की प्रमुख उपलब्धियां
268 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार
146 विभिन्न जांचें सम्पन्न, जिनमें:
मलेरिया: 55
आरबीएस: 18
हीमोग्लोबिन: 46
यूरिन टेस्ट: 8
विडाल: 11
ब्लड ग्रुप: 8

19 मलेरिया पॉजिटिव मरीजों की समय पर पहचान, जिन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय रेफर किया गया

आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण
शिविर के दौरान शिशु एवं स्त्री रोग संबंधी समस्याओं की पहचान, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली पर विस्तृत परामर्श भी दिया गया।

प्रशासन ने की सराहना, आयुष्मान कार्ड सुविधा जोड़ने का आश्वासन
निरीक्षण हेतु उपस्थित एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल ने शिविर का अवलोकन कर मरीजों एवं चिकित्सकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में इस प्रकार की स्वास्थ्य पहल अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि समय पर जांच एवं उपचार से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है।
उन्होंने टीम के समर्पण, सुव्यवस्थित प्रबंधन एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि आगामी शिविरों में आयुष्मान कार्ड निर्माण सुविधा भी जोड़ी जाएगी, जिससे अधिकाधिक ग्रामीणों को शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

टीमवर्क से मिली सफलता
जिला समन्वयक श्री मुकेश मानिकपुरी ने बताया कि पदेडा बाजार क्षेत्र में आसपास के लगभग 10 ग्रामों के ग्रामीण नियमित रूप से आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकतम लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में एसबीआई संजीवनी टीम के फार्मासिस्ट श्री अजित सिंह ठाकुर, लैब टेक्नीशियन सुश्री मनोरमा उसेंडी, स्टाफ नर्स सुश्री सोनल नायक एवं पायलट श्री सियाराम कुडियम का विशेष योगदान रहा।
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में यह पहल प्रशासन, संस्था एवं समुदाय के समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here