Home कोंडागांव नक्सल मुक्त भोंगापाल में शिक्षक के कथित दुर्व्यवहार से आक्रोश, ग्रामीणों ने...

नक्सल मुक्त भोंगापाल में शिक्षक के कथित दुर्व्यवहार से आक्रोश, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

10
0

कोंडागांव संवाददाता – विनीत पिल्लई

बड़ेडोंगर क्षेत्र के भोंगापाल गांव को विगत कई वर्षों तक नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था। किंतु वर्तमान में भाजपा सरकार के नेतृत्व और सुरक्षा बलों की सक्रियता से यह क्षेत्र नक्सल मुक्त हो चुका है। आज गांव के लोग शांति और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

हालांकि, शांति बहाल होने के बावजूद गांव में एक नई समस्या ने सिर उठाया है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों का आरोप है कि शासकीय हाई स्कूल भोंगापाल के प्रभारी प्राचार्य शिक्षक श्री टामेश्वर दिवान का व्यवहार लंबे समय से अनुचित और आपत्तिजनक रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, प्रभारी शिक्षक द्वारा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ फोन पर गाली-गलौज और अपशब्दों का प्रयोग किया गया, जो एक शिक्षक की गरिमा के विपरीत है। आरोप यह भी है कि शिक्षक लंबे समय से विद्यालय में अनियमित रूप से उपस्थित रहते हैं, बच्चों को समुचित शिक्षा नहीं दी जा रही, तथा कभी-कभी शराब के नशे में विद्यालय आने जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आई हैं।

इन सभी आरोपों को लेकर शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, ग्राम सरपंच और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद शिक्षक और अधिक आक्रामक हो गए हैं तथा ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त शिक्षक के विरुद्ध तत्काल निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यालय का शैक्षणिक माहौल सुधर सके और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग और प्रशासन इस मामले में कितनी शीघ्रता और गंभीरता से कदम उठाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here