Home खेल टी20 वर्ल्ड कप 2026: आयरलैंड-जिम्बाब्वे मैच बारिश के कारण रद्द, जिम्बाब्वे ने...

टी20 वर्ल्ड कप 2026: आयरलैंड-जिम्बाब्वे मैच बारिश के कारण रद्द, जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में बनाई जगह, ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर

36
0

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 32वां मुकाबला आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच श्रीलंका के पल्लेकेले स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच रद्द कर दिया गया। मुकाबला रद्द होने के बाद दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला। इस एक अंक ने जिम्बाब्वे को बड़ा फायदा पहुंचाया और टीम ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट से सफर समाप्त हो गया।

जिम्बाब्वे के खाते में मिले इस एक अंक ने समीकरण बदल दिए। ऑस्ट्रेलिया की टीम सुपर-8 में पहुंचने के लिए अन्य नतीजों पर निर्भर थी। कंगारू टीम को उम्मीद थी कि जिम्बाब्वे अपने दोनों शेष मैच हार जाए, जिससे उसके चार अंक ही रहते और ऑस्ट्रेलिया ओमान को बड़े अंतर से हराकर अगले दौर में जगह बना सकता था। लेकिन बारिश ने ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 8-8 मैच जीते हैं, जबकि 3 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें इससे पहले दो बार आमने-सामने हुई थीं, जिसमें एक-एक मैच दोनों ने जीता था। ऐसे में यह मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद थी, लेकिन बारिश के कारण फैंस को निराशा हाथ लगी।

आयरलैंड ने अपने पिछले मैच में ओमान को 96 रन से हराया था। उस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरिश टीम ने 235/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। टीम अपने बल्लेबाजों से एक बार फिर बड़े प्रदर्शन की उम्मीद कर रही थी।

दूसरी ओर, जिम्बाब्वे ने अपने पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इस जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ था। अब जिम्बाब्वे 18 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी।

ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत जीत के साथ की थी। पहले मैच में कंगारू टीम ने आयरलैंड को 67 रन से हराया था। हालांकि इसके बाद टीम को लगातार दो हार झेलनी पड़ीं। जिम्बाब्वे ने 23 रन से मात दी, जबकि श्रीलंका ने 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इन हारों के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुपर-8 की राह मुश्किल हो गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here