-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने क्षेत्र को दी लाखों के विकास कार्यों की सौगात =
अर्जुन झा/जगदलपुर। विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के अंतर्गत ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार का दिन विकास की नई इबारत लिखने वाला रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किरण सिंह देव ने लाखों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया।
जनसेवा के इस व्यापक अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र के नगरनार मंडल में मारकेल व खूटपदर में सड़क संपर्क और शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। जो बस्तर के समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नगरनार के मारकेल एवं खूटपदर में आयोजित कार्यक्रम में 300 मीटर सीसी सडक निर्माण कार्य लागत 9 लाख रुपए, सांस्कृतिक मंच मारकेल लागत 3 लाख रुपए ,मारकेल हनुगुड़ी उन्नयन कार्य लागत 5 लाख रुपए,सीसी सडक 300 मीटर लागत 9 लाख रुपए एवं मारकेल हायर सेकंडरी स्कूल में सायकिल स्टैंड का लोकार्पण लागत 10 लाख रुपए एवं खूटपदर में सीसी सडक निर्माण लागत 13 लाख रुपए, सीसी सडक निर्माण 550 मीटर लागत 16 लाख रुपए का लोकार्पण किया । आज कुल लगभग 65 लाख रुपए के विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन व लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि उनकी सरकार बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने और बुनियादी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि वे महज निर्माण कार्य नहीं, बल्कि प्रगति के रास्ते हैं। मारकेल एवं खूटपदर में सड़कें, सांस्कृतिक मंच बनने से ग्रामीणों को आवागमन एवं कार्यक्रम करने में हो रही दिक्कतों से निजात मिलेगी। हमारा लक्ष्य है कि बस्तर का कोई भी गांव पहुंचविहीन न रहे। हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में विकास कार्य अनवरत जारी रहेगा। विकास कार्य में राशि की कमी नहीं होगी। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के तहत दी जा रही साइकिलें हमारी बेटियों की शिक्षा की राह को आसान बनाएंगी। साथ ही मारकेल हायर सेकंडरी स्कूल में सायकिल स्टैंड के निर्माण से छात्र छात्राओं को सुविधा होगी। श्री देव ने कहा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से मारकेल से माड़पाल तक 01 करोड़ 52 लाख की लागत से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हो गया है जिसका निर्माण भी जल्द होगा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिंदू साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सेठिया, राजेश शर्मा, मनोज पटेल, सुकलधर बघेल, देवकी सेठिया, हेमवती, दीनबंधु सेठिया, विद्याधर सेठिया, नीलकंठ, बलराम सेठिया, गणेश नागवंशी, रूपेश समरथ, तपन, राधे पंदे, जनपद सीईओ अमित भाटिया एवं अन्य उपस्थित थे।









