-26 और 27 फरवरी को करेंगी धरना प्रदर्शन =
अर्जुन झा/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संगठनों के संयुक्त मोर्चा ने के केंद्र और राज्य सरकार से जुड़ी मांगों को लेकर फिर से हड़ताल का अल्टीमेटम दे दिया है। प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं 26 एवं 27 फरवरी को आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखकर जिलेवार प्रदर्शन करेंगी।

संयुक्त मंच द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि मांगों को लेकर समय-समय पर शासन प्रशासन का ध्यानाकर्षण कराया जाता रहा है, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं आने से सदस्यों में रोष व्याप्त है। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा पेश बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया है। पिछले साल के बजट में जो राशि घोषणा की गई थी, इस वर्ष उसमें भी कटौती कर दी गई है। फलस्वरुप संयुक्त मंच की प्रांतीय शाखा एवं अन्य आगनबाड़ी संगठनों द्वारा 26 एवं 27 फरवरी को सामूहिक अवकाश पर रहते हुए विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। 26 व 27 फरवरी को दोनों दिन 11 बजे से अपरान्ह 3 तक सभी जिला मुख्यालयों में सभा एवं 9 मार्च को राजधानी रायपुर के तुता में घरना रैली का आयोजन किया जाएगा। इस बारे में संघ की वरिष्ठ नेत्री रुक्मणि सज्जन ने बस्तर जिला प्रशासन को पत्र सौंप दिया है। बस्तर के कांकेर जिले में भी आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली गई है। वहां भी जिला प्रशासन को अवगत करा दिया गया है कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र 26 एवं 27 फरवरी को बंद रहेंगे तथा जिला मुख्यालय सभा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग किया जाएगा।व जिला स्तरीय सभा का आयोजन मेला भांठा कांकेर में किया जाएगा। 26 फरवरी को धरना दिया जाएगा व 27 फरवरी को रैली दोपहर 2 बजे से मेला भाटा कांकेर से उपर नीचे रोड होती हुई कलेक्ट्रेट तक जाएगी।









