विमल सोनी/बिलासपुर। एनएच-45 बिलासपुर–केवची मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम चपोरा के ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटना आशंका को देखते हुए अंडरपास निर्माण की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम, कलेक्टर एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
दुर्घटना की बनी रहती है आशंका
ग्राम चपोरा क्षेत्र में अस्पताल, बैंक, हाईस्कूल एवं सहकारी मंडी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं स्थित हैं। आसपास के कई आश्रित गांवों के लोगों को दैनिक जरूरतों—इलाज, पढ़ाई, बैंकिंग कार्य और कृषि उपज विक्रय—के लिए चपोरा आना पड़ता है।
मुख्य मार्ग चारों ओर से खुला है और वर्तमान में निर्माणाधीन होने के कारण यातायात अव्यवस्थित रहता है। तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों, छात्रों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि क्षेत्र की आवश्यकता और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्थान पर एक सुरक्षित और सुविधायुक्त अंडरपास का निर्माण अतिशीघ्र कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास बनने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि आसपास के गांवों के हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करता है।









