बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
बकावंड। गिरोला गांव स्थित हिंगलाजिन माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में बकावंड पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में अन्य दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7-8 सितंबर 2025 की रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने मंदिर से दो सोने के हार, एक सोने की नथनी तथा एक छोटा चांदी का मुकुट चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना बकावंड में अपराध क्रमांक 53/25 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। पुलिस अधीक्षक बस्तर द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की भी घोषणा की गई थी।
जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम को ओडिशा राज्य भी भेजा गया। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
दिनांक 21 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ओडिशा सीमा से लगे धरिनीगुडा कोरटा गांव के जंगल में घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम नवीन हरिजन उर्फ बुद्दू (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय रघुनाथ हरिजन, निवासी किरमागुड़ा थाना बिसिंगपुर, वर्तमान ग्राम डबली कोटा थाना जयपुर जिला कोरापुट बताया। आरोपी ने अपने अन्य साथियों टूना हरिजन और माधव हरिजन के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए गहनों को बेचकर प्राप्त राशि आपस में बांट ली गई थी।
पुलिस ने आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विकेश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक मधुसूदन सिंह ठाकुर, हेड कांस्टेबल नकुल नाथ कश्यप, आरक्षक भीष्म ठाकुर, गौरव ठाकुर, भोलाराम बघेल सहित साइबर टीम एवं डीआरजी टीम के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









