पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही।
गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही जिले की आदिवासी बेटी दुर्गेश नंदिनी मरावी के जनरल कोटा से सिविल जज बनने पर पूरे जिले में खुशी की लहर है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष गजमती भानु ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानु ने कहा कि दुर्गेश नंदिनी मरावी की सफलता न केवल जिले बल्कि पूरे आदिवासी समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर सिविल जज बनना यह सिद्ध करता है कि प्रतिभा किसी वर्ग या क्षेत्र की मोहताज नहीं होती।
उन्होंने आगे कहा कि दुर्गेश नंदिनी मरावी की यह उपलब्धि जिले की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा शिक्षा के प्रति विश्वास को और मजबूत करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि वे न्याय के क्षेत्र में ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज की सेवा करेंगी।









