बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= मूल पदस्थापना वाले नानगुर स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए नेत्र सहायक =
जगदलपुर। महारानी जिला चिकित्सालय जगदलपुर में बवाल मचाने और महिला कर्मियों से गाली गलौज करने वाले नेत्र सहायक अधिकारी पर अंततः कार्रवाई कर दी गई है। बस्तर. के मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने उन्हें उनके मूल पदास्थपना वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए वापस रवाना कर दिया है।
आरोप लगे थे कि नेत्र विभाग के सहायक नोडल अधिकारी द्वारा जिला चिकित्सालय के नेत्र विभाग में शराब पीकर महिला सुरक्षा गार्ड एवं महिला लैब कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज की गई थी। इसे लेकर कर्मचारियों का आक्रोश फट पड़ा था। कर्मचारियों ने मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से की थी। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया था कि शराब के नशे में धुत्त नेत्र विभाग के सहायक नोडल अधिकारी फिरोज खान द्वारा 9 दिसंबर 2025 की रात 9.40 बजे महारानी अस्पताल परिसर नेत्र विभाग एवं पैथेलॉजी लैब के सामने महिला गार्ड के साथ-साथ रात्रिकालीन ड्यूटी कर रहीं महिला लैब कर्मचारियों को भी अपने सहायक नोडल अधिकारी होने का रौब जमाते अशोभनीय गंदी गंदी गालियां देते हुए अभद्र व्यवहार किया गया था। फिरोज खान को गार्ड कर्मचारियों द्वारा समझाया गया कि आप नशे में हैं, आप यहां से चले जाइये, किन्तु उन महिला गार्ड कर्मियों से भी गाली-गलौज की गई। शिकायत की जांच के लिए कमेटी बनाई गई थी, मगर कार्रवाई नहीं हुई थी। इस मामले को हमने अपने समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशन के बाद सीएमएचओ ने कड़ा एक्शन लेते हुए नेत्र सहायक अधिकारी फिरोज खान को उनकी मूल पदास्थापना वाली जगह नानगुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थानंतरित कर दिया है।










