पायल गुप्ता, जिला अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा एवं नगर पालिका अध्यक्ष दंतेवाड़ा ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत राजकीय बजट का स्वागत करते हुए इसे जनहितैषी, विकासोन्मुखी एवं महिला सशक्तिकरण को समर्पित बजट बताया है।
उन्होंने कहा कि इस बजट में महिलाओं से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है। महिला स्वावलंबन, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बालिकाओं की शिक्षा, पोषण योजनाओं तथा महिला सुरक्षा के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। यह बजट महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
पायल गुप्ता ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की महिलाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया है, जिससे दंतेवाड़ा जिले की महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। कौशल विकास योजनाओं, लघु उद्योगों को बढ़ावा, तथा महिला उद्यमियों के लिए आसान ऋण व्यवस्था जैसे प्रावधान सराहनीय हैं।
दंतेवाड़ा के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इस बजट में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, शिक्षा संस्थानों के उन्नयन एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। नगर के सर्वांगीण विकास, रोजगार के अवसरों में वृद्धि तथा युवाओं के भविष्य को सुदृढ़ बनाने के लिए यह बजट मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट दंतेवाड़ा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा और महिलाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।
अंत में पायल गुप्ता ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करने वाला है और दंतेवाड़ा जिले के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेगा।









