Home बीजापुर बीजापुर में सुरक्षाबलों की माओवादियों से मुठभेड़, दो उग्रवादी ढेर, भारी मात्रा...

बीजापुर में सुरक्षाबलों की माओवादियों से मुठभेड़, दो उग्रवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

4
0

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वर्दीधारी उग्रवादी मारे गए हैं। यह कार्रवाई इंद्रावती नदी के आसपास के क्षेत्र में की गई। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने मौके से हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सल से जुड़ा अन्य सामान बरामद किया है। फिलहाल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, थाना जांगला क्षेत्र के इंद्रावती नदी इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को अभियान पर भेजा गया था। इसी दौरान सुबह के समय जवानों और माओवादियों के बीच आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद माओवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।

मुठभेड़ के बाद जब इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो दो माओवादियों के शव बरामद हुए। घटनास्थल से एक एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। वहीं बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here