नई दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर एक नया वैश्विक कीर्तिमान स्थापित किया है। वे 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले शीर्ष नेता बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य प्रमुख नेताओं को पीछे छोड़ दिया है।
ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump लगभग 43.2 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति Prabowo Subianto करीब 15 मिलियन फॉलोअर्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं। ब्राज़ील के राष्ट्रपति Luiz Inácio Lula da Silva 14.4 मिलियन फॉलोअर्स के साथ चौथे स्थान पर हैं। तुर्की के राष्ट्रपति Recep Tayyip Erdoğan के लगभग 11.6 मिलियन और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति Javier Milei के करीब 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
भारतीय नेताओं में भी सबसे आगे
देश के भीतर भी इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता के मामले में प्रधानमंत्री मोदी काफी आगे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath लगभग 16.1 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि कांग्रेस नेता Rahul Gandhi के करीब 12.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान
इस उपलब्धि के बीच प्रधानमंत्री मोदी को हाल ही में इज़रायल की संसद Knesset द्वारा “स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत-इज़रायल संबंधों को सुदृढ़ करने में उनके नेतृत्व और योगदान के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें संसद में संबोधन के बाद दिया गया।
डिजिटल उपस्थिति बनी वैश्विक पहचान
प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे। पिछले एक दशक में उनका अकाउंट विश्व नेताओं के बीच सबसे अधिक सक्रिय और प्रभावशाली डिजिटल मंचों में गिना जाने लगा है। दिलचस्प बात यह है कि उनके फॉलोअर्स की संख्या कई बड़े वैश्विक नेताओं के संयुक्त फॉलोअर्स से भी अधिक बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर यह रिकॉर्ड प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक लोकप्रियता और डिजिटल कनेक्ट की मजबूत पकड़ को दर्शाता है।









