Home चर्चा में जगरगुड़ा बनेगा ‘एजुकेशन सिटी’: बस्तर के भविष्य को नई दिशा

जगरगुड़ा बनेगा ‘एजुकेशन सिटी’: बस्तर के भविष्य को नई दिशा

1
0

अर्जुन झा/सुकमा –

छत्तीसगढ़ राज्य के बजट 2026-27 में सुकमा जिले के जगरगुड़ा को “एजुकेशन सिटी” के रूप में विकसित करने की घोषणा को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,वित्त मंत्री ओपी चौधरी,प्रभारी मंत्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया है। कहा कि जगरगुड़ा जैसे दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एजुकेशन सिटी की स्थापना का निर्णय बस्तर अंचल के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

प्रस्तावित एजुकेशन सिटी के अंतर्गत विद्यालय, महाविद्यालय, तकनीकी संस्थान तथा कौशल विकास केंद्रों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगारोन्मुखी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया ने कहा कि यह पहल न केवल शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी। शिक्षा संस्थानों की स्थापना से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बजट में जगरगुड़ा को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने की घोषणा इस प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।

उन्होंने प्रदेश सरकार एवं सभी जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय सुकमा जिले के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी कदम है, जो आने वाले वर्षों में शिक्षा, शांति और रोजगार के नए आयाम स्थापित करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here