जांजगीर-चांपा संवाददाता राजेंद्र जयसवाल
जिला जांजगीर-चांपा , कार्यक्रम दिनांक 20 फरवरी 2026।
विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल धुरकोट में शासकीय टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर द्वारा आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के अंतर्गत एक विशेष बौद्धिक परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों में सामाजिक न्याय, विधिक जागरूकता एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित मनोज कुमार कुशवाहा, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा ने विश्व सामाजिक न्याय दिवस मनाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सामाजिक न्याय का अर्थ समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, अधिकार एवं सम्मान प्रदान करना है। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य एवं महत्व की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि एनएसएस स्वयंसेवक समाज सेवा के माध्यम से न केवल समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, बल्कि अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास भी करते हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विभिन्न प्रकार के अपराधों, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण अधिनियम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम, निषेध एवं निवारण अधिनियम, महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा नशा मुक्ति से संबंधित कानूनों जैसे एनडीपीएस एवं आबकारी अधिनियम के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के गठन, उद्देश्य एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जरूरतमंद एवं कमजोर वर्ग के लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना इसका प्रमुख उद्देश्य है। इस अवसर पर नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी साझा की गई तथा विद्यार्थियों को किसी भी विधिक समस्या की स्थिति में इसका लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का मनोज कुमार कुशवाहा ने सरल एवं स्पष्ट शब्दों में उत्तर देते हुए उन्हें नशा एवं अपराधों से दूर रहकर एक जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी आर.के. चंद्र, प्राध्यापक अभय सिन्हा, श्री लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल, जयराम गढ़ेवाल (पैरा लीगल वॉलिंटियर) सहित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल धुरकोट के समस्त व्याख्याता, महाविद्यालय जांजगीर एवं स्कूल धुरकोट के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक न्याय, विधिक सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संकल्प के साथ किया गया।









