बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= महाराष्ट्र के अहेरी में आधी रात आए झटके =
= पहले भी दो बार लग चुके हैं भूकंप के हल्के झटके =
जगदलपुर। बस्तर का पड़ोसी इलाका आधी रात भूकंप के झटकों से दहल उठा। बस्तर संभाग के सीमावर्ती राज्य महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले के अहेरी तालुका में आधी रात को भूकंप के झटके महसूस किए गए।
अहेरी के नागरिकों का कहना है कि ये झटके गुरुवार 26 फरवरी की रात लगभग 12 बजे महसूस किए गए। अहेरी के आसपास के कुछ गांवों और शहर के अन्य हिस्सों में कुछ निवासियों ने सोते समय अपने बिस्तर पलंग के हिलने, दीवारों में हल्की कंपन महसूस करने और बर्तनों के खड़कने की आवाज सुनने की जानकारी दी है। कुछ जगहों पर निवासी डर के मारे अपने घरों से बाहर भी निकल आए। अहेरी के नजदीकी गांव सिरोंचा में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। जिला प्रशासन की ओर से इस संभावित भूकंप की तीव्रता और गहराई के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। लेकिन वोलक्यानो डिस्कवरी वेबसाइट ने राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के हवाले से जानकारी दी है कि रात 11.49 बजे आए भूकंप का केंद्र तेलंगाना के वेमनपल्ली में था। यह 3.9 एम का सौम्य झटका था। वेमनपल्ली से अहेरी 35 किमी और सिरोंचा 33 किमी दूरी पर है। विशेषज्ञों के अनुसार, गढ़चिरोली जिला उच्च भूकंपीय क्षेत्र में नहीं आता है। इसलिए वहां बड़े भूकंप की संभावना कम मानी जाती है।










