Home चर्चा में सकरी बाईपास पर भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड आए ट्रेलर की टक्कर...

सकरी बाईपास पर भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड आए ट्रेलर की टक्कर से 4 की मौत, एक गंभीर

13
0

बिलासपुर संवाददाता – रौशनी सोनी

बिलासपुर जिले के सकरी बाईपास में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

रॉन्ग साइड में पहुंचा ट्रेलर, सामने से आ रही स्कॉर्पियो से भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे रायपुर–रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने ट्रेलर क्रमांक CG-11-BD-9044 रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रेलर रॉन्ग साइड में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG-04-MQ-4220 से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।

गैस कटर से निकाले गए शव और घायल
हादसे की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को वाहन से बाहर निकाला।
इस दर्दनाक हादसे में छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और सोनू मिरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पारिवारिक समारोह से लौट रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि सभी लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद मृतकों के गांवों में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चालक हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here