बरपाली संवाददाता – मोहन वैष्णव
शक्ति। जिला कांग्रेस कमेटी, शक्ति में पं. श्री बलराम प्रसाद पाण्डेय को पुनः जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर जिलेभर में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपेक्षा व्यक्त की है।
पं. पाण्डेय लंबे समय से संगठन से जुड़े रहकर विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते आ रहे हैं। वे अपने सक्रिय जनसंपर्क, सामाजिक सहभागिता एवं संगठनात्मक अनुभव के लिए जाने जाते हैं। पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इन्हीं अनुभवों और सक्रियता को देखते हुए उन्हें पुनः यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष पं. श्री बलराम प्रसाद पाण्डेय ने शीर्ष नेतृत्व, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों तथा समस्त कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिला कांग्रेस कमेटी, शक्ति को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाया जाएगा। संगठनात्मक एकजुटता और अनुशासन के बल पर पार्टी को नई ऊर्जा देने का सतत प्रयास किया जाएगा।
पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि पं. पाण्डेय के अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ संगठन को मिलेगा तथा आने वाले समय में जिला कांग्रेस की गतिविधियों को नई दिशा और गति प्राप्त होगी।









