गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के भालूडिग्गी-पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम नक्सल गतिविधियों से जुड़ी बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले 50 से 60 सक्रिय नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना थी, जिन पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, नक्सली कमांडर चलपति की मुठभेड़ में मौत के बाद संगठन को बड़ा झटका लगा है। उसके बाद से नक्सल नेटवर्क कमजोर पड़ा और स्थानीय स्तर पर उनकी गतिविधियों में कमी आई है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नेतृत्व के अभाव में संगठन बिखरने लगा है।
सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे लगातार सर्च ऑपरेशन और दबाव के चलते नक्सलियों की आर्थिक और संगठनात्मक स्थिति प्रभावित हुई है। बरामद की गई नकदी को नक्सली फंडिंग का हिस्सा माना जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
प्रशासन का दावा है कि क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में यह अहम सफलता है और अब यह इलाका काफी हद तक ‘लाल आतंक’ के प्रभाव से मुक्त हो चुका है। सुरक्षा बलों ने साफ किया है कि इलाके में सतर्कता और सर्च अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को पनपने का मौका न मिले।









