बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
बकावंड। विकासखंड बकावंड के ग्राम पंचायत करपावंड क्षेत्र में इन दिनों बाहर से आए अस्थायी मिठाई दुकानदारों द्वारा स्थानीय लोगों को मनमाने दामों पर और घटिया दर्जे की मिठाइयां बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
बाहरी दुकानदारों पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि वे कम कीमत वाली घटिया स्तर की मिठाइयों और खाद्य सामग्री को अधिक दर पर बेचा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दुकानों में मिठाइयों के दाम न तो स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जा रहे हैं और न ही किसी प्रकार की रेट सूची लगाई गई है। ग्राहक जब सामान खरीदने पहुंचते हैं तो उन्हें वास्तविक कीमत से कहीं अधिक राशि बताकर सामान बेचा जा रहा है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि बाहर से आए इन दुकानदारों द्वारा मौके का फायदा उठाकर ग्रामीणों को गुमराह किया जा रहा है, जिससे आम जनता आर्थिक रूप से ठगी का शिकार हो रही है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बिना वैध अनुमति, खाद्य सुरक्षा पंजीयन एवं प्रशासनिक जांच के इस प्रकार अस्थायी दुकानें संचालित की जा रही हैं। मिठाई की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है, क्योंकि इन दुकानों में न तो साफ सफाई का ध्यान रखा जा रहा है और न ही खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दुकानदारों की तत्काल जांच कराई जाए, उनकी वैध अनुमति, जीएसटी पंजीयन, खाद्य लाइसेंस एवं रेट सूची की जांच की जाए तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।यदि समय रहते प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आम जनता का आर्थिक शोषण और बढ़ सकता है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और प्रशासन आम जनता की शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है।









