बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर, 02 मार्च 2026/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत महिलाओं की आजीविका संवर्धन एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत बलरामपुर के ग्राम भनौरा में गुलाब स्व-सहायता समूह द्वारा पूर्णतः जैविक एवं हर्बल गुलाल निर्मित किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य और पर्यावरण के अनुकूल सुरक्षित है।

वर्तमान समय में बाजार में उपलब्ध रासायनिक रंगों एवं गुलाल के उपयोग से त्वचा संबंधी एलर्जी, संक्रमण तथा अन्य दुष्प्रभावों को देखते हुए समूह की महिलाओं ने प्राकृतिक वस्तुओं से निर्मित हर्बल गुलाल तैयार कर स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दे रहीं है। समूह द्वारा तैयार गुलाल में जैविक अरारोट पाउडर, पलाश के फूल, पालक साग का पाउडर तथा खाद्य-ग्रेड प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया जा रहा है। जो की त्वचा के लिए सुरक्षित है
जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रमों तथा विभिन्न शासकीय आयोजनों में समूह को स्टॉल लगाने की सुविधा प्रदान की गई है। इसके माध्यम से हर्बल गुलाल का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। साथ ही समूह की महिलाओं द्वारा विभिन्न शासकीय कार्यालयों, संस्थानों एवं स्थानीय बाजारों में व्यक्तिगत संपर्क कर उत्पादों की बिक्री की जा रही है।
जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक, शासकीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी भी हर्बल गुलाल को प्राथमिकता से क्रय कर महिला समूहों की आजीविका को सशक्त करने में सहयोग दे रहे हैं। पूर्व कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज के द्वारा भी गुलाब स्व-सहायता समूह की दीदियों से हर्बल गुलाल क्रय कर उनके प्रयासों की सराहना की गई तथा उत्साहवर्धन किया गया।
जिला प्रशासन बलरामपुर द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे रासायनिक रंगों के स्थान पर जैविक एवं हर्बल गुलाल का उपयोग कर अपने स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण में सहयोग प्रदान करें और स्वस्थ होली, सुरक्षित होली, हरित होली के संकल्प को सफल बनाने में सहभागी बनें।









