युसूफ खान/बलरामपुर। होली के दौरान ज्वैलरी दुकान में चोरी करने वाले आरोपी को Kusmi Police Station पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए चांदी और अन्य जेवरात भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गाजेश्वर उर्फ छोटू पैकरा (22 वर्ष), पिता रविंद्र पैकरा, निवासी ग्राम बकसपुर, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर के रूप में हुई है।

दुकान का शटर तोड़कर की चोरी
मामले में प्रार्थी विनोद सोनी, पिता स्व. बैजनाथ सोनी, निवासी कन्हैया जी रोड, कुसमी ने थाना कुसमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 मार्च 2026 को होली के कारण दिन में दुकान बंद थी। अगले दिन 5 मार्च की सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि अज्ञात चोर ने दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं।
चोरी हुए सामान में चांदी के पायल, ब्रेसलेट, चेन, कड़ा, गिल्ट के हसुली, चेन और कंचन थाली सहित अन्य जेवरात शामिल थे।
संदेह के आधार पर आरोपी पकड़ा गया
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 06/2026 दर्ज कर धारा 305(ए) और 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी गाजेश्वर उर्फ छोटू पैकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी से चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें कांस की थाली, प्लेट, कटोरा, हसली, चांदी का ब्रेसलेट, चांदी की चेन, चांदी के पायल और गिल्ट के टॉप्स शामिल हैं।
पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।









