सुकमा संवाददाता – पोडियामी दीपक
अनीता ने महतारी वंदन की राशि बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाते में किया जमा
सुकमा/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रही है। विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय अंचलों तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन विकास की मुख्यधारा से किसी को भी पीछे नहीं छोड़ना चाहते।
महतारी वंदन योजना का एक प्रेरणादायक उदाहरण सुकमा जिले के गोंगला गांव की निवासी श्रीमती वी. अनीता हैं। उनके लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता भर नहीं है, बल्कि यह आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की एक मजबूत आधारशिला बन गई है। शासन द्वारा प्रत्येक माह उनके खाते में अंतरित की जा रही राशि का उपयोग वे अपनी दोनों बेटियों दृश्या और उन्नति के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने में कर रही हैं। अनीता अपनी बेटियों के सुकन्या समृद्धि योजना खातों में प्रतिमाह 500-500 रुपये जमा कर रही हैं। पहले उनके लिए नियमित बचत करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अब यह कार्य सहज हो गया है। इससे न केवल बेटियों की उच्च शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है, बल्कि परिवार में आशा और विश्वास का वातावरण भी बना है।
श्रीमती अनीता ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए इस जनकल्याणकारी पहल के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि राज्य सरकार की इस पहल ने ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान की भावना को नई ऊर्जा दी है।
जिला प्रशासन सुकमा की सक्रियता और प्रतिबद्धता भी इस परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से अंतिम छोर तक पहुँच सके। योजनाओं के प्रति जागरूकता, समयबद्ध क्रियान्वयन और निरंतर निगरानी के माध्यम से प्रशासन ने यह सिद्ध किया है कि सुशासन का वास्तविक अर्थ आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।







