रायपुर/बिलासपुर।
रामनवमी के पावन अवसर पर बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए आयोजित होने वाली तृतीय श्री रामलला अयोध्या दर्शन यात्रा को लेकर आयोजन समिति के प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से रायपुर स्थित सिविल लाइन निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर बिलासपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के सानिध्य में मुख्यमंत्री को यात्रा के शुभारंभ अवसर पर 1008 श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने हेतु सादर आमंत्रित किया गया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस धार्मिक और सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को इस प्रकार संगठित रूप से यात्रा कराने का प्रयास अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने श्री रामलला अयोध्या दर्शन यात्रा समिति, बिलासपुर के इस पुनीत कार्य के लिए भूरी-भूरी प्रशंसा की और आयोजन के सफल संचालन के लिए अपनी शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
बताया गया कि रामनवमी के अवसर पर आयोजित होने वाली यह यात्रा अब अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या धाम जाकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन करेंगे। यात्रा में लगभग 1008 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिन्हें विशेष व्यवस्था के साथ अयोध्या धाम ले जाया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के प्रमुख प्रवीण झा, भाजपा नेता रोशन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यात्रा की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी तथा कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति का आग्रह किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दर्शन कराने के साथ-साथ समाज में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद समिति के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक और ऐतिहासिक अनुभव साबित होगी तथा बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग लेकर भगवान श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करेंगे।







