पुकार बाफना/बीजापुर 13 मार्च 2026 –
बीजापुर जिले में कृषि एवं समवर्गीय विभागों की गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केन्द्र, बीजापुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार चन्द्रवंशी ने की।
बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेते हुए कृषि, पशुपालन, मछली पालन एवं उद्यानिकी क्षेत्र के विकास और विस्तार से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कृषि विभाग के उप संचालक श्री पीएस कुशरे कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री अरूण सकनी, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक श्री राजीव वर्मा, सहायक संचालक उद्यान श्री रामचन्द्र राव, मछली पालन विभाग के श्री दामोदर यालम सहित जल संसाधन विभाग, विद्युत विभाग, जिला विपणन एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग, किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्रों में गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पशुपालन, मछलीपालन और उद्यानिकी को आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान जिले में बहने वाली नदियों पर बैराज निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बैराज निर्माण से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे अधिक कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी और किसानों को खेती के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों तक अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।







