गाय हमारी माता है चूंकि मां हमें जन्म देती है पर गाय हमारा भरण पोषण करती है इसलिए गौवंश का संरक्षण और संवर्धन हमारा कर्तव्य है, यह उद्गार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बिलासपुर जिले के ग्राम लाखासर में 25 एकड़ क्षेत्र में विस्तारित सुरभि गौ धाम का उद्घाटन किया। इन पलों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थानीय विधायक धर्मजीत सिंह के आग्रह पर लाखों रुपए के निर्माण कार्य एवं गौ धाम के लिए गौरव पथ सड़क बनाए जाने की घोषणा की तो वहीं गौ धाम संचालक प्रमोद शर्मा के आग्रह पर गौ धाम परिसर में गौ सेवक प्रशिक्षण भवन तथा cow catcher वाहन उपलब्ध कराने की बात कही।

इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन करते हुए गौ सेवा आयोग के प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री गौ सेवा के प्रति समर्पित है जिनके द्वारा आज पूरे प्रदेश में 29 गौ धाम का वर्चुअल उद्घाटन किया जा रहा है जहां गायों की सेवा व सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।अंत में आभार प्रदर्शन गौ सेवा आयोग के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने किया।
उक्त जानकारी देते हुए गौ प्रेमी सामाजिक कार्यकर्ता एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने बताया कि गायों की दुर्दशा पर माननीय छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में प्रस्तुत याचिका WPPIL 58/2019 में मां भुनेश्वरी देवी गौशाला, गतौरा के संचालक रमाकांत पांडे के द्वारा हस्तक्षेपकर्ता के रूप में दिए गए सुझावों पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार सरकार ने गायों के बेहतर संरक्षण और संवर्धन के लिए विगत सरकार द्वारा स्थापित किए गए गौठानों को सुरभि गौधाम के रूप में विकसित कर व्यवस्थित संचालन हेतु प्रथम चरण में गौ सेवकों की संस्थाओं को सुपर्द किए जा रहे हैं तथा इसी क्रम में आज इन 29 सुरभि गौ धाम का मुख्यमंत्री ने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय सभागार से वर्चुअल उद्घाटन किया। अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने आगे बताया कि आज देश में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गौवंश के सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर समाज का हर वर्ग आवाज बुलंद कर रहा है ताकि गौवंश की घरों एवं गौठानों में सुरक्षित देखभाल के साथ सम्मान जनक बहाली हो अर्थात गौ हत्या पूर्णतः बंद हो तथा गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किया जाए।
इस गरिमामय संक्षिप्त कार्यक्रम में राम विचार नेताम पशुधन मंत्री , अमर अग्रवाल, धरम लाल कौशिक, सुशांत शुक्ला आदि विधायक गण के साथ गणमान्य जनों एवं आयुक्त सुनील जैन, पुलिस महा निरीक्षक राम गोपाल गर्ग, जिलाधीश संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के साथ ही पशुधन विभाग के कर्मचारी एवं गो सेवक बड़ी संख्या में शामिल हुए।







