Home कोरबा कोरबा में पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बंद कमरे में मिला...

कोरबा में पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बंद कमरे में मिला शव

13
0

कोरबा। जिले में पत्रकारिता जगत को झकझोर देने वाली एक दुखद घटना सामने आई है। शहर के सीएसईबी कॉलोनी स्थित आरामशीन क्षेत्र में एक स्थानीय चैनल से जुड़े कैमरा मैन एवं रिपोर्टर इमानुअल तांडी का शव उनके घर के अंदर बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इमानुअल तांडी शहर के सीएसईबी कॉलोनी के आरामशीन क्षेत्र स्थित अपने घर में अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से उनके घर का दरवाजा बंद था और उन्हें आसपास के लोगों ने भी नहीं देखा था। इसी बीच घर के भीतर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई।

संदेह होने पर आसपास के लोगों ने इस बात की जानकारी उनके परिजनों और स्थानीय लोगों को दी। जब घर का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। कमरे के भीतर इमानुअल तांडी का शव पड़ा हुआ था। शव की स्थिति देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि उनकी मौत कुछ दिन पहले ही हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। अपने बेटे और परिवार के सदस्य को इस हालत में देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि इमानुअल तांडी एक स्थानीय समाचार चैनल में कैमरा मैन के रूप में कार्यरत थे और लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए थे। वे अपने सरल स्वभाव और मिलनसार व्यवहार के कारण पत्रकारों और परिचितों के बीच लोकप्रिय थे। उनकी अचानक हुई मौत की खबर से पत्रकार साथियों और परिचितों में गहरा दुख और स्तब्धता देखने को मिल रही है।

फिलहाल इस मामले में मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस को सूचना दे दी गई है और आगे की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here