जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जयसवाल
जिला सक्ती। ब्लॉक डभरा विकासखंड डभरा में रविवार को आयोजित “स्वस्थ पंचायत सम्मेलन–जन संवाद” कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जोरदार चर्चा हुई। अग्रसेन भवन डभरा में आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, मितानिन कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और शासकीय अधिकारियों ने भाग लेकर गांवों की स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली के साथ हुई, जिसमें मितानिन कार्यकर्ताओं, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके बाद अग्रसेन भवन में आयोजित सम्मेलन में अतिथियों का स्वागत पौधरोपण और पौधे भेंट कर किया गया।
सम्मेलन में ग्रामीण स्तर से सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं को लिखित आवेदन के रूप में संकलित किया गया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपा गया, ताकि इन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन तथा गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े मुद्दे खुलकर रखे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रपुर विधायक माननीय रामकुमार यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इस प्रकार के जन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता की समस्याओं को सीधे समझने और समाधान की दिशा में कार्य करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत डभरा की अध्यक्ष श्रीमती अरुणा महेंद्र सिदार ने की। वहीं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति ताराचंद साहू, श्रीमती प्रियंका आलोक पटेल, श्रीमती सरोज उर्सेना, नगर पंचायत डभरा के अध्यक्ष दीपक कंवलतेश साहू, उपाध्यक्ष लीलाम्बर सिंह जगत, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू संजू पटेल तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बरेठ विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

सम्मेलन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे, जिनमें सीएमएचओ मैडम, डीपीएम मैडम, बीएमओ सर और डीसी मैडम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल थे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसपीएस, एमटी, बीसी और मितानिन कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग से कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आम जनता को अपनी बात रखने का मंच देने के उद्देश्य से आयोजित यह सम्मेलन क्षेत्र में जनभागीदारी और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।







