Home चर्चा में भाजपा पार्षद वीरेंद्र साहू पर जानलेवा हमला

भाजपा पार्षद वीरेंद्र साहू पर जानलेवा हमला

14
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

साहू ने पहले ही जताया था जान का खतरा 
भिलाई। दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 07 के भाजपा पार्षद वीरेंद्र साहू पर वार्ड में ही अज्ञात आरोपियों द्वारा जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल भिलाई के स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्षद वीरेंद्र साहू ने अपने वार्ड में अवैध सट्टा, शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगवाई थी, जिससे अवैध कारोबार करने वालों को काफी परेशानी होने लगी थी। वार्डवासियों का कहना है कि पहले क्षेत्र में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल होता था, लेकिन पार्षद वीरेंद्र साहू के प्रयासों से क्षेत्र में काफी सुधार आया है और अब लोग सुरक्षित महसूस करते हैं। पार्षद द्वारा वार्ड में हनुमान मंदिर की स्थापना भी करवाई गई है।वीरेंद्र साहू राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में उन्हें कट्टर हिंदू नेता के नाम से भी जाना जाता है। बताया जा रहा है कि 12 दिसंबर को ही वीरेंद्र साहू ने थाने में आवेदन देकर अपने और अपने परिवार की जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उन्होंने आवेदन में सौरभ लूनिया से खतरा बताया था। इसके बावजूद अब उन पर जानलेवा हमला हो गया। वीरेंद्र साहू ने आरोप लगाया है कि भाजपा पदाधिकारी सौरभ लूनिया अवैध जुआ, सट्टा और शराब कारोबारियों से हर महीने मोटी रकम वसूली करते थे। पार्षद द्वारा अवैध गतिविधियों को बंद करवाने के कारण उनके खिलाफ साजिश रची गई और उन पर हमला कराया गया।

जानकारी के अनुसार जिन लोगों ने पार्षद पर हमला किया है, उनके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी दीपक यादव के विरुद्ध धारा 294, 323, 506, 34 भादवि के तहत मामले दर्ज हैं। आरोपी अजीत सिंह के विरुद्ध धारा 147, 149, 294, 323, 506 भादवि, धारा 294, 323, 506, 34 भादवि तथा 4 (क) जुआ एक्ट एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। इधर कुछ लोगों द्वारा इस घटना को वार्ड की समस्याओं को लेकर हुई मारपीट बताकर पार्षद वीरेंद्र साहू को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जबकि समर्थकों का कहना है कि यह हमला अवैध कारोबार बंद करवाने के कारण कराया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here