बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर जिला कलेक्टर कार्यालय में स्वच्छता व्यवस्था की तस्वीरें हैरान करने वाली हैं। जहां एक ओर स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं कलेक्टर कार्यालय परिसर में बने शौचालयों की स्थिति इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है।

कलेक्टर कार्यालय परिसर में बने शौचालयों में भारी गंदगी का आलम देखने को मिल रहा है। शौचालय परिसर में प्रवेश करते ही गंदगी की बदबू से लोगों का खड़ा होना तक मुश्किल हो जाता है। बाथरूम के अंदर कचरे का ढेर लगा हुआ है, जिससे साफ जाहिर होता है कि यहां नियमित रूप से सफाई नहीं की जाती।

तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि शौचालयों की हालत बेहद खराब है और लंबे समय से साफ-सफाई नहीं हुई है। यह वही जगह है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक अपने कामों के लिए कलेक्टर कार्यालय पहुंचते हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब जिले के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यालय में ही स्वच्छता का यह हाल है, तो अन्य जगहों की स्थिति क्या होगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि खबर सामने आने के बाद जिम्मेदार विभाग के अधिकारी इस पर कितना संज्ञान लेते हैं और कलेक्टर कार्यालय की स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।







