आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग/ ग्राम चपरीद में नव-निर्मित श्री शीतला-महामाया माता मंदिर में आयोजित श्री शीतला-महामाया माता, शिवलिंग, राम दरबार, हनुमान ,भैरव जी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में चल रही श्रीमद् देवी भागवत कथा का अंतिम दिवस सोमवार अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।

अंतिम दिवस की कथा में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसमें श्री गीता एवं धर्म ग्रंथों के उपदेश, जीवन में धर्म, कर्म एवं भक्ति के महत्व, तथा समाज में सदाचार एवं एकता के संदेश को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
इस अवसर पर विधिवत हवन, पूर्णाहुति, कन्या पूजन, व्यास पूजन एवं महाप्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हवन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में पूरे ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान ग्रामवासियों, दानदाताओं एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा, जिनके सहयोग से यह भव्य धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। आयोजन समिति द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।







