घायल को तत्काल CHC शंकरगढ़ में कराया गया भर्ती
घायल व्यक्ति शंकरगढ़ के मानपुर का निवासी, परिजनों को दी गई सूचना
शंकरगढ़। क्षेत्र के चिरई घाट मेन रोड पर सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक और स्कॉर्पियो वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शंकरगढ़ पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में घायल युवक शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर का निवासी है। हादसे के समय वह बेहोशी की हालत में था, जिसके कारण प्रारंभिक तौर पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में वाहन नंबर के आधार पर उसकी पहचान की गई तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

दुर्घटना में शामिल बाइक का नंबर CG15 CC 4932 बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







