जिले की पत्रकारिता को मिला नया मंच, अनुभव और सीख से होगा विकास
कुसमी बलरामपुर
संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पत्रकारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राज्य के विकास कार्यों से रूबरू कराने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल के तहत बलरामपुर जिले से पांच पत्रकारों का दल राजधानी रायपुर के भ्रमण के लिए रवाना हुआ है। यह कदम न केवल पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाने वाला है, बल्कि क्षेत्रीय पत्रकारिता को नई दिशा देने वाला भी साबित होगा।
इस दल में जिले के प्रमुख और अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार शामिल हैं, जिनमें दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच से आफताब आलम, दैनिक भास्कर से धुरंधर तिवारी, नई दुनिया से विकास केसरी, नवभारत से सतीश गुप्ता तथा आईबीसी 24 से अरुण सोनी शामिल हैं। सभी पत्रकार अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।
यह भ्रमण छत्तीसगढ़ शासन की विशेष योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें चयनित पत्रकारों को राजधानी के प्रशासनिक, विकासात्मक और सामाजिक गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा। इससे पत्रकारों को शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत समझने और उसे जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस पहल को लेकर जिले के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय स्तर पर इसे पत्रकारिता के सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस अनुभव के बाद लौटकर पत्रकार अपने क्षेत्र में और अधिक सशक्त एवं तथ्यात्मक रिपोर्टिंग कर सकेंगे।
छत्तीसगढ़ शासन की यह पहल निश्चित ही पत्रकारों और समाज के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी, जिससे पारदर्शिता और जन-जागरूकता को नई ऊंचाई मिलेगी।







