सुकमा संवाददाता – पोडियामी दीपक
कोर्रा (जिला सुकमा), 18 मार्च 2026।
जिले के गादीरास अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत का मामला सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना 17 मार्च 2026 की बताई जा रही है।
मृतक महिला की पहचान सोड़ी सोमड़ी (पति–गंगा), निवासी ग्राम माडियारास (कोर्रा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर महिला को गांव से मितानिन दीदी के माध्यम से गादीरास अस्पताल लाया गया था।
परिजनों का आरोप – लापरवाही बनी मौत की वजह
मृतका के पति ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला की बिगड़ती हालत को नजरअंदाज किया गया। समय पर उचित इलाज और देखभाल नहीं मिलने के कारण प्रसव के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे अंततः मां और नवजात दोनों की मौत हो गई।
प्रसव प्रक्रिया पर भी उठे सवाल
परिजनों का कहना है कि अस्पताल में प्रसव कराने की प्रक्रिया के दौरान लापरवाही बरती गई, जो इस दुखद घटना का मुख्य कारण बनी। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।
जनप्रतिनिधि को दी गई जानकारी
इस गंभीर मामले की सूचना जिला पंचायत उपाध्यक्ष महेश कुंजाम को भी दी गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित इलाज मिलता, तो मां और बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। अब सभी की नजर प्रशासन पर टिकी है कि इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।







