महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफीक खान
खल्लारी (महासमुंद)। महासमुंद जिले के सुप्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में आज 11 बजे हुए भीषण रोपवे हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। मंदिर दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली का तार टूटने से हुए इस हादसे में एक दुखद खबर सामने आई है। अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई है, वहीं ट्रॉली में सवार अन्य 4 घायल यात्रियों का इलाज अभी भी जारी है।
दर्शन कर लौटते वक्त हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी श्रद्धालु पहाड़ी पर स्थित माता के मंदिर में दर्शन करने के बाद रोपवे के जरिए नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक तकनीकी खराबी आई और रोपवे की ट्रॉली अनियंत्रित होकर ऊँचाई से सीधे पत्थरों पर आ गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।

मलबे से निकालकर पहुँचाया गया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे में फंसे श्रद्धालुओं को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों ने सभी को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान एक महिला की सांसे थम गईं। अन्य 4 घायलों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज दिया जा रहा है।

लापरवाही या तकनीकी चूक? जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर और अस्पताल पहुँच चुकी है। रोपवे के मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों को लेकर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके।







