ओडगी संवाददाता – प्रदीप द्विवेदी
ओडगी। आस्था के प्रसिद्ध केंद्र कुदरगढ़ धाम में हर वर्ष चैत्र नवरात्र के अवसर पर हजारों श्रद्धालु माता बागेश्वरी देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए छत्तीसगढ़ कलवार जायसवाल समाज सेवा समिति पिछले 16 वर्षों से निरंतर निःस्वार्थ सेवा करती आ रही है। समिति के द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्र पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क धर्मशाला, ठहरने की व्यवस्था और दोनों समय भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए गुड़ और मटके का ठंडा पानी भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे दूर-दूर से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जानकारी के अनुसार यह सेवा 19 मार्च से 2 अप्रैल (पूर्णिमा) तक लगातार जारी रहेगी। इस दौरान धर्मशाला में श्रद्धालुओं के रहने और भोजन की पूरी व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी। इस सेवा कार्य के संस्थापक एवं व्यवस्थापक विनोद कुमार गुप्ता (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ कलवार जायसवाल समाज सेवा समिति) ने बताया कि माता रानी की कृपा से पिछले 16 वर्षों से यह सेवा लगातार जारी है और आगे भी श्रद्धालुओं की सेवा इसी तरह जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। समिति के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है और श्रद्धालु भी इसे सेवा और आस्था का अनूठा उदाहरण मानते हैं।







