निलेश सिंह/जांजगीर-चांपा:
थाना पामगढ़ क्षेत्र के विकास नगर में आज सुबह करीब 10 बजे एक किराना स्टोर के पास मामूली विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। स्थानीय निवासी शैलेंद्र साहू और उनके साथियों ने हिमांशु किराना स्टोर के संचालक हिमांशु श्रीवास के दुकान के पास गाली-गलौज शुरू कर दी।हिमांशु ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान हिमांशु के भाई गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी।

गोली पंकज की पैर की जांघ में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय सीएचसी पामगढ़ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है। उसके सहयोगी भाई को भी हिरासत में ले लिया गया है। प्रकरण में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं और कानून का पालन करें।







