बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
एलबी संवर्ग के सबसे ज्यादा 712 शिक्षक किए जाएंगे पदोन्नत
जगदलपुर। बस्तर संभाग के शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम से मिली जानकारी के अनुसार संभाग में कार्यरत सैकड़ों शिक्षकों की लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति की प्रक्रिया अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। विभागीय पदोन्नति समिति की हालिया बैठक में गहन विचार-विमर्श और पात्रता की जांच के बाद प्राथमिक शालाओं के कुल 908 शिक्षकों और प्रधान पाठकों को पदोन्नत कर प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला के पद पर नियुक्त करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। यह पूरी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। विभाग ने इसके लिए 1 अप्रैल 2024 की स्थिति को आधार मानते हुए स्नातक और प्रशिक्षित शिक्षकों की एक अंतिम संयुक्त वरिष्ठता सूची का प्रकाशन किया था। इसी सूची के आधार पर योग्य पाए गए शिक्षकों के संवर्गवार पदोन्नति आदेश जारी किए गए हैं। इस पदोन्नति में ई- संवर्ग के नियमित और एलबी वर्ग के 15-15 शिक्षकों को शामिल किया गया है, जबकि टी-संवर्ग में नियमित श्रेणी के 166 और एलबी श्रेणी के सर्वाधिक 712 शिक्षकों को उच्च पद का लाभ दिया गया है।
पदोन्नति की इस प्रक्रिया के साथ ही विभाग अब इन शिक्षकों की नवीन पदस्थापना की तैयारी में जुट गया है। संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा श्री एचआर सोम ने बताया कि पदोन्नत हुए इन 908 शिक्षकों के पदस्थापना हेतु जल्द ही काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए स्थान और समय की विस्तृत सूचना विभाग द्वारा पृथक से जारी की जाएगी।







