बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
भाजपा राज में कानून व्यवस्था का बेड़ागर्क: जैन
जगदलपुर। झीरम घाटी के शहीदों के चित्रों के साथ हुई छेड़छाड़ को लेकर कांग्रेस के तेवर गरम हो गए हैं। इस मसले को लेकर कांग्रेस ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दे दी है।
आज राजीव भवन जगदलपुर में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने प्रेसवार्ता में कहा कि कल जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारियो ने झीरम घाटी में बने शहीद स्मारक का निरीक्षण किया था।शहीद कांग्रेस नेताद्वय महेंद्र कर्मा एवं नंदकुमार पटेल की तस्वीरें खंडित पाईं गईं।इस दौरान कांग्रेस नेताओं कार्यकर्ताओं द्वारा पहले शहीद स्मारक की साफ-सफाई की गई और क्षतिग्रस्त तस्वीरों को सम्मानपूर्वक उठाकर व्यवस्थित किया गया।श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले दिन ब दिन बुलंद होते जा रहे हैं कि अब अपराधी शहादत स्थल को भी नहीं बख्श रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इसका कड़ा आक्रोश व्यक्त करती है। इस प्रकार का अपमान कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आगे कहा कि जगदलपुर के दरभा स्थित शहीद स्मारक में झीरम के शहीदों के चित्रों के साथ जिस प्रकार की तोड़फोड़ की गई है वो बेहद पीड़ादायक और निंदनीय है। जिन वीरों ने अपने प्राण न्यौछावर किए, उनके चित्रों को तोड़कर जमीन पर फेंक दिया गया। यह कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त योग्य नहीं। यह कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि शहीदों की गरिमा और उनकी स्मृति का सीधा अपमान है। इस गंभीर मामले को उठाते हुए कांग्रेस पार्टी के नेताओं के द्वारा संबंधित दरभा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर एफआईआर हेतु आवेदन दिया गया है।श्री मौर्य ने आगे बताया भाजपा सरकार बनने के बाद से ही राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है। कानून-व्यवस्था की विफलता और भाजपा शासन में अपराधियों का यह कृत्य मनोबल बढ़ने का प्रतीक है। अगर जल्द से जल्द अपराधी गिरफ्त में नहीं आते हैं तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
कानून व्यवस्था लचर: जैन
इस दौरान पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा कि भाजपा सरकार के बनने बाद बस्तर सहित पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था लचर हो चुकी है। अपराधी बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। शहीद स्मारक में शहीद महेंद्र कर्मा व शहीद नंदकुमार पटेल की तस्वीरों को खंडित करना बेहद निंदनीय और शर्मनाक घटना है इस प्रकार की घटना शहीदों के सम्मान के खिलाफ है। ऐसा कृत्य करने वाले अपराधियों पर पुलिस प्रशासन सख्त व कठोर कार्रवाई करे। इस दौरान पार्षद गौतम पाणिग्रही, जस्टिन भवानी, बोमड़ा मंडावी, मोहसिन खान आदि मौजूद रहे।







