Home कोरबा कोरबा–कुसमुंडा मार्ग पर कांग्रेस का साढ़े 4 घंटे चक्काजाम, फोरलेन निर्माण पर...

कोरबा–कुसमुंडा मार्ग पर कांग्रेस का साढ़े 4 घंटे चक्काजाम, फोरलेन निर्माण पर 20 अप्रैल से काम शुरू करने का आश्वासन

15
0
कोरबा/कुसमुंडा।
कोरबा जिले के कुसमुंडा फोरलेन मार्ग अंतर्गत इमलीछापर चौक में कांग्रेस पार्टी द्वारा फोरलेन सड़क एवं ओवरब्रिज निर्माण शुरू करने की मांग को लेकर जोरदार चक्काजाम किया गया। यह आंदोलन सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर लगभग 3:30 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, व्यापारी एवं आमजन शामिल हुए।
 
— बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता और आमजन
चक्काजाम में जिला शहर व ग्रामीण कांग्रेस के पदाधिकारी, बांकीमोंगरा और कुसमुंडा क्षेत्र के प्रतिनिधि, पार्षद एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। आंदोलन के दौरान सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
— प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर की वार्ता
सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, जिसमें दीपका तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम एवं एसईसीएल के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों पर विचार किया।
— फोरलेन निर्माण 20 अप्रैल से शुरू करने का आश्वासन
प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि अधूरे फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को 20 अप्रैल 2026 से पुनः प्रारंभ किया जाएगा। वहीं ओवरब्रिज निर्माण को लेकर बताया गया कि मामला न्यायालय में लंबित है, जिसके चलते फिलहाल कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
— जाम से राहत के लिए उठाए जाएंगे कदम
लगातार लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए कुसमुंडा प्रबंधन द्वारा प्रत्येक शिफ्ट में 5 व्यक्तियों की तैनाती कर यातायात व्यवस्था संभालने की बात कही गई।
— स्ट्रीट लाइट लगाने की भी घोषणा
सर्वमंगला रोड से कुसमुंडा की ओर बनी सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने का भी आश्वासन प्रशासन द्वारा दिया गया, जिससे रात्रि में आवागमन सुरक्षित हो सके।
— आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन
प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम समाप्त किया।
इस आंदोलन के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित फोरलेन निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here