दंतेवाडा संवाददाता – रिकेश्वर राणा
दंतेवाड़ा –
कटेकल्याण जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मारजूम सहित अति संवेदनशील क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। यह शिविर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी की पहल पर आयोजित हुआ।

जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने अपने प्रवास के दौरान मारजूम एवं आसपास के गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर को लिखित आवेदन देकर समाधान शिविर लगाने की मांग की थी। कलेक्टर द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया, जिसके बाद यह शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 153 आयुष्मान कार्डों का मौके पर ही वितरण किया गया। इसके अलावा 4 नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 12 आधार कार्डों को अपडेट किया गया।
कृषि क्षेत्र में भी पहल करते हुए 22 किसानों का एग्रोटेक पंजीयन किया गया, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। वहीं राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े गए और नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

इसके साथ ही पेयजल, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सर्वे कर उनके समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
समाधान शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली है, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शेष समस्याओं के समाधान के लिए भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे, ताकि अंतिम छोर तक बसे लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।







