बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
वार्ड 11 से 15 के हितग्राहियों को नहीं मिल रहा पूरा राशन, जांच व कार्रवाई की मांग
कुसमी/बलरामपुर, 24 मार्च 2026
नगर क्षेत्र कुसमी के वार्ड क्रमांक 11 से 15 तक संचालित शासकीय उचित मूल्य (राशन) दुकान में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इसको लेकर वार्ड पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी (SDM) को लिखित शिकायत सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है, कि राशन दुकान संचालक द्वारा लंबे समय से पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया जा रहा है। विशेष रूप से बीपीएल कार्डधारकों को बार-बार परेशान किया जाता है, और कई जरूरतमंदों को राशन से वंचित रखा जा रहा है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है।

पार्षदों का कहना है__
कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे यह स्पष्ट होता है, कि राशन दुकान संचालक मनमानी पर उतारू है और प्रशासनिक नियमों की अनदेखी कर रहा है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पार्षदों एवं नागरिकों ने मांग की है, कि संबंधित राशन दुकान संचालक को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए और उसकी जगह किसी योग्य एवं ईमानदार व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जाए, ताकि हितग्राहियों को उनका हक मिल सके। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की भी मांग की गई है।
पार्षदों ने चेतावनी दी है, कि यदि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल, संतोष कुमार, शकील अंसारी, वाहिद अली, बृजकिशोर, विनीता टोप्पो, केरता राम, संतोष राम एवं धीरचंद राम (वार्ड 11 से 15, नगर क्षेत्र कुसमी)।







