जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जयसवाल
जिले में 39 हजार से अधिक श्रमिक हितग्राहियों को मिला फायदा
दीनदयाल योजना से भूमिहीन श्रमिकों का हो रहा सशक्तिकरण : श्री अरुण साव
बिलासपुर, 25 मार्च 2026/ दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने की। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में विधायक श्री सुशांत शुक्ला तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर भूमिहीन श्रमिकों को यह आर्थिक सहायता एक महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में लगभग 5 लाख 62 हजार हितग्राहियों के खातों में 10 -10 हजार रुपए की राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं तथा गांव, गरीब और किसानों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सरकार गठन के पश्चात रुके हुए प्रधानमंत्री आवास के 26 लाख हितग्राहियों को लाभान्वित किया तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 1-1 हजार की राशि अंतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि भूमिहीन श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए 10,000 रुपए की सहायता एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनेंगे और राज्य के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान उन्होंने प्रतीक स्वरूप 20 श्रमिकों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 39,413 हितग्राही इस योजना के अंतर्गत पात्र हैं, जिनके खातों में माननीय मुख्यमंत्री जी के बटन दबाते ही 10 -10 हजार रुपए की राशि सीधे अंतरित की गई है। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भूमिहीन खेतिहर मजदूरों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर सहभागिता की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री एसएस दुबे,एसडीएम मनीष साहू, तहसीलदार प्रकाश साहू, एसएलआर श्री यादव सहित राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी और भूमिहीन कृषि श्रमिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।







