Home चर्चा में मर्दापाल में शराब दुकान के खिलाफ सड़क पर उतरी मर्दानियां!

मर्दापाल में शराब दुकान के खिलाफ सड़क पर उतरी मर्दानियां!

8
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

श्यामकुमारी ध्रुव के नेतृत्व में महिलाओं ने भरी हुंकार 
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, कहा- नहीं खुलने देंगे दुकान 

जगदलपुर। बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले की ग्राम पंचायत मर्दापाल में देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान खोलने के निर्णय के खिलाफ ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। प्रदेश सचिव श्रीमती श्यामकुमारी ध्रुव के नेतृत्व में गांव की मर्दानियों ने प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है।
बड़ी संख्या में महिला जनसमूह ने कोंडागांव अपर कलेक्टर एवं मर्दापाल तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान खोलने के निर्णय के प्रति पुरजोर विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत मर्दापाल में शराब दुकान संचालन हेतु निविदा आमंत्रित की गई है। इसका हम ग्रामीण सामूहिक रूप से विरोध करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब दुकान खुलने से सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विशेषकर युवा वर्ग इसके दुष्प्रभाव की चपेट में आएगा, जिससे उनकी सेहत, भविष्य और रोजगार पर विपरीत असर पड़ेगा महिलाओं ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शराब दुकान खुलने से क्षेत्र में गाली-गलौच, आपसी विवाद, घरेलू हिंसा, चोरी, लूटपाट जैसी घटनाओं में वृद्धि होने की आशंका है। इससे गांव का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित होगा और बच्चों व युवाओं के मानसिक विकास पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ने की बात कही गई। महिला समूह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इस संबंध में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया और शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया को निरस्त नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत मर्दापाल एवं आसपास के क्षेत्रों में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को तत्काल निरस्त किया जाए, ताकि गांव का सामाजिक संतुलन और शांति बनी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here